CG News- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान जिले को ₹134 करोड़ से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। बिलासपुर में आयोजित 'सुशासन तिहार' कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सूबे के मुखिया ने इन विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता की मांग का सम्मान करते हुए बेलतरा महाविद्यालय का नाम बदलकर स्वर्गीय सखाराम सूर्यवंशी के नाम पर करने की महत्वपूर्ण घोषणा भी की।
इस भव्य कार्यक्रम के मंच से सीएम विष्णुदेव साय ने प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित 'महतारी वंदन योजना' की 28वीं किस्त भी सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की। सरकार के इस कदम से प्रदेश की लगभग 68 लाख हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में ₹642 करोड़ से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सुशासन के संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
बिलासपुर को मिली इन सौगातों से न केवल स्थानीय बुनियादी ढांचे और विकास को नई गति मिलेगी, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी एक नई पहचान स्थापित होगी। कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम जनता ने मुख्यमंत्री के इन फैसलों का स्वागत किया। सरकार का दावा है कि ये विकास कार्य बिलासपुर संभाग की प्रगति में एक मील का पत्थर साबित होंगे और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई देंगे।











