सुशासन तिहार: विधायक मोतीलाल साहू और महापौर मीनल चौबे ने किया शिविर का निरीक्षण, अब तक ₹500 करोड़ के विकास कार्यों का दावा

post

सुशासन तिहार: विधायक मोतीलाल साहू और महापौर मीनल चौबे ने किया शिविर का निरीक्षण, अब तक ₹500 करोड़ के विकास कार्यों का दावा

CG News- रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत आने वाले 7 वार्डों के लिए देवपुरी गुरुद्वारा परिसर के समीप हॉल में 'सुशासन तिहार 2026' के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे और रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के अध्यक्ष नंदकुमार साहू पहुंचे। इस दौरान निगम आयुक्त संबित मिश्रा और विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए 15 से अधिक स्टॉलों का जायजा लिया और वहां पहुंचे आम नागरिकों से उनकी समस्याओं और मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

शिविर को संबोधित करते हुए रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने एक बड़ा दावा किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में उन्होंने अपने अब तक के कार्यकाल में रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक के नए विकास कार्य स्वीकृत कराकर पूरे करवाए हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले विकास कार्य पूरी तरह ठप्प थे और अब हो रहे कार्यों का झूठा श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है। वहीं, महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों और शिकायतों का एक महीने के भीतर निराकरण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि वार्डों में अवैध निर्माणों से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर विधि अनुरूप नोटिस जारी कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया, जहां विधायक मोतीलाल साहू ने मौलश्री और महापौर मीनल चौबे ने कचनार का पौधा रोपा। सुशासन तिहार के इस मंच से जनहितकारी योजनाओं का सीधा लाभ हितग्राहियों को मिला, जिसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 12 पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र सौंपे गए। इसके साथ ही मौके पर ही नए राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और ई-श्रम कार्ड का वितरण किया गया, तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर गर्भवती माताओं की गोदभराई और नवजात शिशुओं के अन्नप्राशना की रस्म भी पूरी की गई।

रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और महापौर मीनल चौबे ने देवपुरी में आयोजित सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर का निरीक्षण किया।

You might also like!