विश्व पर्यावरण दिवस पर रायपुर को सौगात: अमलीडीह में नए स्वरूप में शुरू हुआ RRR सेंटर, जरूरतमंदों को मिलेंगी अनुपयोगी वस्तुएं

post

विश्व पर्यावरण दिवस पर रायपुर को सौगात: अमलीडीह में नए स्वरूप में शुरू हुआ RRR सेंटर, जरूरतमंदों को मिलेंगी अनुपयोगी वस्तुएं

CG News- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2025-26 के अंतर्गत रायपुर नगर पालिक निगम ने शहरवासियों को एक बेहतरीन सौगात दी है। जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत अमलीडीह कार्यालय परिसर में 'आरआरआर (रिड्यूज, रियूज, रिसायकल) सेंटर' को बिल्कुल नए और आधुनिक स्वरूप में प्रारंभ किया गया है। महापौर मीनल चौबे ने जोन अध्यक्ष सचिन बी मेघानी, एमआईसी सदस्य अनामिका सिंह और स्थानीय वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में इस केंद्र का विधिवत लोकार्पण किया। इस सेंटर के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी 'वंदना महिला स्वसहायता समूह' को सौंपी गई है, जिससे स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर भी खुलेंगे।

इस नए स्वरूप वाले आरआरआर सेंटर को पूरी तरह हाई-टेक और सुविधाजनक बनाया गया है। इसके लिए नगर निगम ने एक विशेष ई-बैटरी वाहन उपलब्ध कराया है, जो जोन 10 के सभी 7 वार्डों में घर-घर जाकर नागरिकों से उनकी अनुपयोगी वस्तुएं जैसे पुराने कपड़े, जूते, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और प्लास्टिक की वस्तुएं संग्रहित करेगा। केंद्र के भीतर अलग-अलग अलमारियों में इन सामानों को व्यवस्थित रखने, महिलाओं के रोजगार के लिए सिलाई मशीनें लगाने के साथ-साथ 'बर्तन बैंक' और 'झोला बैंक' की भी व्यवस्था की गई है। जो सामग्रियां सीधे उपयोग के लायक नहीं होंगी, उन्हें स्व-सहायता समूह की महिलाएं रिसायकल कर थैले और झोले जैसे उपयोगी उत्पादों में बदलेंगी।

लोकार्पण के दौरान महापौर मीनल चौबे ने बताया कि आरआरआर सेंटर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की एक बेहद महत्वपूर्ण वैज्ञानिक अवधारणा है, जो कचरे को कम करने और सर्कुलर इकॉनमी को मजबूत बनाने में मदद करती है। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस पर रायपुर के सभी नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों में बेकार पड़ी या उपयोग में न आने वाली वस्तुओं को कचरे में फेंकने के बजाय इस सेंटर में जमा करें। नागरिकों का यह छोटा सा कदम न केवल पर्यावरण संरक्षण में एक बड़ी भागीदारी निभाएगा, बल्कि समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने का जरिया भी बनेगा।

विश्व पर्यावरण दिवस पर रायपुर नगर निगम जोन 10 अमलीडीह परिसर में नए स्वरूप में आरआरआर (RRR) सेंटर का शुभारंभ किया गया।

You might also like!