CG News- विश्व पर्यावरण दिवस के खास अवसर पर रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महापौर मीनल चौबे और आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर वार्ड पार्षदों को लीड फैसिलिटेटर्स के रूप में सकरी स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) प्लांट का दौरा कराया गया। इस भ्रमण के दौरान निगम अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने पार्षदों के साथ एक अनौपचारिक बैठक की, जिसमें कचरे के संग्रहण से लेकर उसके संपूर्ण प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) की वैज्ञानिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप वार्ड पार्षदों को लीड फैसिलिटेटर्स के रूप में उनकी भूमिका के प्रति अधिक सशक्त और जिम्मेदार बनाना है। योजना के तहत सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्ड क्षेत्रों में रहवासी नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्षद अब जनता को स्रोत स्तर (घरों और दुकानों) पर ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने और अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान सकरी प्लांट पहुंचे पार्षदों और निगम अधिकारियों ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में प्लांट प्रांगण में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया। इस दौरान गायत्री सुनील चंद्राकर, भोला राम साहू, अमर गिदवानी, नंदकिशोर साहू, खेमकुमार सेन सहित विभिन्न जोन अध्यक्षों, पार्षदों और अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, विनोद पाण्डेय व रामकी कंपनी के प्रतिनिधियों ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और अपनी संतान की तरह उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।











