CG Crime News -छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां के लालपुर थाना क्षेत्र में एक नराधम ने नाबालिग स्कूली छात्रा को अपनी हवस का शिकार बनाया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले नाबालिग बच्ची को जबरन एक सूने खेत में ले जाकर उसके साथ अनाचार (दुष्कर्म) की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इस हैवानियत के बाद भी जब आरोपी का मन नहीं भरा, तो उसने दोबारा पीड़िता के घर में जबरन घुसकर उसे डराने-धमकाने और उसका अपहरण करने का दुस्साहसिक प्रयास भी किया।
इस खौफनाक घटना के बाद सहमी हुई पीड़िता ने किसी तरह अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। डरे-सहमे परिजन तुरंत नाबालिग को लेकर लालपुर थाने पहुंचे और आरोपी की इस बर्बर करतूत के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए मुंगेली पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आ गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लालपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस की एक विशेष टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी को घेराबंदी कर धर दबोचा। मुंगेली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुंच चुका है, और पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर वैधानिक कार्यवाही में जुटी है। इस जघन्य अपराध को लेकर स्थानीय जनता और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराकर आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि समाज में ऐसा घिनौना कृत्य करने वालों को कड़ा सबक मिल सके।

















