बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला की खून से सनी लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के सिर पर किसी भारी चीज या पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक वारदात वार्ड नंबर 20 सिविल लाइन क्षेत्र की है। यहाँ रहने वाली 29 वर्षीय महिला पुष्पा ध्रुव (पति सोमनाथ ध्रुव) की लाश उसके अपने ही घर के पीछे बाड़ी में खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। जब परिजनों और आस-पास के लोगों ने महिला का शव देखा, तो उनके होश उड़ गए और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मामले में संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतका के देवर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या की असल वजह और वारदात के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद या आपसी रंजिश की बात भी सामने आ रही है।
कोतवाली थाना पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और संदेही देवर से पूछताछ पूरी होने के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

















