Sukma Support: नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों को डॉ. प्रेम साई गुरुजी का आर्थिक और रोजगारपरक संबल

post

Sukma Support: नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों को डॉ. प्रेम साई गुरुजी का आर्थिक और रोजगारपरक संबल

सुकमा। नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनके दुख-दर्द को साझा करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की पहल के तहत मातंगी धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने सुकमा जिले के प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के माध्यम से भविष्य संवारने का भरोसा दिलाया।

पिता की हत्या के बाद बेटे की पढ़ाई के लिए 51 हजार की मदद

जगरगुंडा थाना क्षेत्र के बेनपल्ली पटेलपारा निवासी मुचाकी रामा की 5 मई 2025 को नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर हत्या कर दी थी। परिवार में उनकी पत्नी आयाती, 18 वर्षीय पुत्र किशोर, 15 वर्षीय पुत्री संजना और करीब 70 वर्षीय माता मुचाकी हुंगी हैं। परिवार कृषि कार्य के जरिए जीवन-यापन कर रहा है।

डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने परिवार से मुलाकात कर किशोर की आगे की शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके साथ ही उसे वुडन कार्य का प्रशिक्षण दिलाने का निर्णय लिया गया है। प्रशिक्षण का पूरा खर्च मातंगी धाम द्वारा वहन किया जाएगा, ताकि किशोर हुनर सीखकर भविष्य में अपने परिवार का सहारा बन सके।

आईईडी की चपेट में आई सुक्की को 51 हजार की सहायता

चिंतलनार थाना क्षेत्र के भीमापुरम निवासी 14 वर्षीय मड़कम सुक्की पूर्व में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आ गई थीं, जिससे उनका एक पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार में उनकी मां मड़कम लिंगी, 20 वर्षीय बड़ी बहन मड़कम भीमे और 6 वर्षीय छोटा भाई मड़कम गुड्डी हैं। परिवार कृषि कार्य से जीवन-यापन करता है।

सुक्की की स्थिति को देखते हुए मातंगी धाम की ओर से घर की मरम्मत के लिए 51 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी गई। डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने सुक्की के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आवश्यक सहयोग दिलाने का भी प्रयास करने की बात कही।

इसके अलावा सुक्की को नौकरी मिलने तक एक वर्ष तक हर महीने 31 हजार रुपये की सहयोग राशि देने का आश्वासन दिया गया है। यह सहायता उपचार, दैनिक जरूरतों और परिवार के सहयोग में उपयोगी होगी।

आर्थिक मदद के साथ आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने कहा कि नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों को केवल तत्काल आर्थिक सहायता देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने, शिक्षा हासिल करने, रोजगार से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिलना चाहिए।

इसी उद्देश्य से मातंगी धाम की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और आर्थिक सहयोग की दिशा में काम किया जा रहा है। पहल का उद्देश्य हिंसा से प्रभावित परिवारों को कठिन परिस्थितियों से उबरने में मदद करना और उन्हें भविष्य के लिए मजबूत आधार उपलब्ध कराना है।

सुकमा में डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर आर्थिक सहायता दी। किशोर को शिक्षा के लिए 51 हजार और सुक्की के परिवार को घर मरम्मत के लिए 51 हजार रुपये की मदद दी गई।

You might also like!