बीजापुर को ₹18 करोड़ से अधिक की सौगात: प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने विकास कार्यों का किया भूमिपूजन और लोकार्पण


पहल 16 June 2026
post

बीजापुर को ₹18 करोड़ से अधिक की सौगात: प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने विकास कार्यों का किया भूमिपूजन और लोकार्पण

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित और दूरस्थ बीजापुर जिले में बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता, परिवहन तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने क्षेत्रवासियों को ₹18 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। अपने बीजापुर प्रवास के दौरान कैबिनेट मंत्री ने ₹16 करोड़ 58 लाख से अधिक की लागत वाले विभिन्न नए प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन किया, वहीं ₹2 करोड़ 9 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार हो चुके जनहितकारी निर्माण कार्यों का भव्य लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।

प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अपग्रेड करते हुए 'मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान' के 14वें चरण का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही जिला अस्पताल परिसर में नवनिर्मित रैन बसेरा, दाल-भात केंद्र और अत्याधुनिक 'अटल आरोग्य लैब' का लोकार्पण किया गया। इस हाईटेक लैब के शुरू होने से अब स्थानीय आदिवासी और गरीब मरीजों को 134 प्रकार की जटिल पैथोलॉजी जांच की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी, जिससे उन्हें इलाज के लिए जगदलपुर या रायपुर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके अलावा मिरतुर-बेदरे में ट्रांजिट हॉस्टल, आवापल्ली-कुटरू में शासकीय महाविद्यालय भवन तथा दुगईगुड़ा से चिंताकोंटा तक सड़क व पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ।

समारोह के दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों और हितग्राहियों को सामग्री व प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया। स्वामित्व योजना के अंतर्गत वनांचल के आदिवासियों को वनाधिकार पट्टे सौंपे गए, वहीं निक्षय योजना के तहत टीबी मरीजों को पोषण आहार फूड बॉक्स वितरित किए गए। स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करते हुए पुनर्वासित परिवारों को आयुष्मान कार्ड, गर्भवती माताओं को जच्चा-बच्चा कार्ड और दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैटरी चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। इन सौगातों से वनांचल के अंतिम छोर पर रहने वाले परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ देखी जा सकती थी।

जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बीजापुर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जिन अंदरूनी इलाकों में पहले पहुंचना नामुमकिन माना जाता था, वहां आज पक्की सड़कें, बिजली, शिक्षा और बेहतर इलाज पहुंच रहा है। आयुष्मान भारत, पीएम आवास, उज्ज्वला और महतारी वंदन जैसी योजनाएं बस्तर के लोगों का जीवन स्तर बदल रही हैं। इस गरिमामय अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, कलेक्टर विश्वदीप, एसपी डॉ. जितेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और वनांचल के ग्रामीण उपस्थित रहे।

बीजापुर में वन मंत्री केदार कश्यप ने ₹18 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात।

You might also like!