दिल दहला देने वाली वारदात: फॉर्च्यूनर सवार भाजपा नेता को भीड़ ने जिंदा जलाया, गाड़ी तोड़कर लगाई आग, 4 आरोपी हिरासत में!


अपराध 17 June 2026
post

दिल दहला देने वाली वारदात: फॉर्च्यूनर सवार भाजपा नेता को भीड़ ने जिंदा जलाया, गाड़ी तोड़कर लगाई आग, 4 आरोपी हिरासत में!

कोरिया: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कँपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश के सियासी और सामाजिक हलके में हड़कंप मचा दिया है। जिले के सोनहत तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार रात एक उग्र भीड़ ने फॉर्च्यूनर गाड़ी पर हमला कर उसे आग के हवाले कर दिया। इस खौफनाक घटना में गाड़ी के भीतर सवार स्थानीय भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, गाड़ी में मौजूद तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात मंगलवार देर रात की है जब भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम कटगोड़ी के पास करीब 30 से अधिक लोगों की भारी भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। हमलावरों के इरादे बेहद खतरनाक थे; उन्होंने सबसे पहले लाठी-डंडों और पत्थरों से फॉर्च्यूनर गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया ताकि अंदर बैठे लोग बाहर न निकल सकें। इसके बाद बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए भीड़ ने पूरी गाड़ी को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया।

पुलिस ने 4 संदिग्धों को लिया हिरासत में

लपटें इतनी तेज थीं कि वाहन के भीतर फंसे भाजपा नेता भरत सिंह को संभलने या बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। किसी तरह गाड़ी से बाहर निकले तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इस अमानवीय कृत्य को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है और अब तक 4 मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के कटगोड़ी गांव में खौफनाक वारदात।

You might also like!