अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी अधिकारी को झांसे में लेकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई है। लुण्ड्रा में पदस्थ ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी लालसाय राम बखला को होम लोन दिलाने के नाम पर शातिर ठगों ने अपना शिकार बनाया। आरोपितों ने अधिकारी के नाम पर एक करोड़ पांच लाख 92 हजार रुपये का भारी-भरकम लोन पास कराया और उसमें से 57.55 लाख रुपये की मोटी रकम खुद ठग ली।
इस पूरी जालसाजी को अंजाम देने के लिए आरोपितों ने पीड़ित अधिकारी को पूरी तरह अपने विश्वास में ले लिया था। उन्होंने अधिकारी को दिलासा देते हुए कहा था कि 'टेंशन मत लेना, लोन की सभी किस्तें मैं खुद भरूंगा।' ठगों ने अपने इस वादे के मुताबिक शुरुआत की पांच किस्तें तो जमा कीं, लेकिन उसके बाद अचानक भुगतान करना पूरी तरह बंद कर दिया। इसके बाद से ही इस बड़ी ठगी का भंडाफोड़ हुआ और पीड़ित अधिकारी खुद को ठगा हुआ महसूस करने लगा।
आरोपितों द्वारा लोन की किस्तें न चुकाए जाने के कारण अब पीड़ित अधिकारी की मुश्किलें बेहद बढ़ गई हैं। संबंधित बैंकों द्वारा लगातार रिकवरी के नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिसके चलते पीड़ित का वेतन खाता (सैलरी अकाउंट) भी सीज कर दिया गया है। खाता सीज होने के कारण कृषि विस्तार अधिकारी गंभीर आर्थिक संकट में फंस गए हैं और अपनी जमा पूंजी खोने के बाद अब न्याय के लिए कानूनी और पुलिसिया कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं।




-1781574441999_m~3.jpg)











