रायगढ़: सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने का बढ़ता हुआ जूनून आज के युवाओं के लिए कितना आत्मघाती साबित हो रहा है, इसका एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला मामला छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर से सामने आया है। यहाँ के कोस्टा पारा इलाके में रील (Reel) बनाने के चक्कर में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। इस सनसनीखेज हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और हर कोई स्तब्ध है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान विशाखा देवांगन (22 वर्ष) के रूप में की गई है, जिसकी हाल ही में शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि विशाखा को सोशल मीडिया पर रील बनाने का काफी शौक था। घटना के वक्त वह अपने घर के कमरे में अकेली थी और पंखे पर कपड़े का फंदा लगाकर कोई वीडियो या रील शूट कर रही थी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से उसका पैर फिसल गया और फंदा गले में कस जाने के कारण तड़प-तड़प कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने जब्त किया मोबाइल, जांच जारी
परिजनों ने जब विशाखा को इस हालत में देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतका का मोबाइल फोन और वह कपड़ा जब्त कर लिया है जिससे फंदा बनाया गया था। पुलिस अब मोबाइल के वीडियो क्लिप्स और कैमरा टाइमिंग की जांच कर रही है ताकि मौत के सही कारणों और घटना के वक्त की पूरी सच्चाई का पता लगाया जा सके। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जानलेवा शौक पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












