बड़ी लापरवाही: पुलिस को चकमा देकर गांजा तस्करी का आरोपी फरार, SP ने ASI समेत 4 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

post

बड़ी लापरवाही: पुलिस को चकमा देकर गांजा तस्करी का आरोपी फरार, SP ने ASI समेत 4 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सिहावा से पुलिस सुरक्षा में लापरवाही का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ मेडिकल मुलाहिजा (डॉक्टरी मुलाहिजा) के लिए लाया गया गांजा तस्करी का एक आरोपी पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। इस बड़ी लापरवाही पर धमतरी पुलिस अधीक्षक (SP) सूरज सिंह परिहार ने कड़ा रुख अपनाते हुए सहायक उपनिरीक्षक (ASI) समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र के नागपुर निवासी पलाश गजभिए नाम के आरोपी को भारी मात्रा में गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। न्यायालयीन प्रक्रिया और रिमांड के तहत आरोपी को डॉक्टरी जांच के लिए नगरी स्थित शासकीय अस्पताल लाया गया था। अस्पताल परिसर में सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद आरोपी मौका पाकर पुलिस की नाक के नीचे से भाग खड़ा हुआ।

आरोपी के इस तरह अचानक भाग जाने से अस्पताल और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की इस घोर लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने एएसआई सोनचंद डहरिया सहित ड्यूटी पर तैनात कुल चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की बड़ी कार्रवाई की है। इस विभागीय कार्रवाई से पूरे महकमे में खलबली मची हुई है।

पुलिस कस्टडी से फरार हुआ यह शातिर तस्कर अब धमतरी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। आरोपी की धरपकड़ के लिए जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इसके साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय सीमाओं पर नाकेबंदी कर फरार आरोपी पलाश गजभिए की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई है।

छत्तीसगढ़ के धमतरी में बड़ी लापरवाही!

You might also like!