जैन समाज का ऐतिहासिक महामहोत्सव, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और सीएम साय ने लिया जैन मुनियों का आशीर्वाद

post

जैन समाज का ऐतिहासिक महामहोत्सव, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और सीएम साय ने लिया जैन मुनियों का आशीर्वाद

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आज श्रद्धा, साधना और संस्कृति का एक अनूठा और भव्य संगम देखने को मिला। अवसर था जैन समाज द्वारा आयोजित ऐतिहासिक 'आचार्य पदारोहण एवं सहस्त्रावधान तपस्या महोत्सव' का, जिसमें देश के कई दिग्गज राजनेता और देशभर से आए हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जैन मुनियों के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया और आचार्य पद पर प्रतिष्ठित हो रहे पूज्य विनयकुशल मुनि जी महाराज को सादर नमन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जैन दर्शन के सिद्धांतों की वैश्विक प्रासंगिकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आचार्य पद केवल एक पद नहीं, बल्कि तप, त्याग, ज्ञान और समाज को सही दिशा देने वाली साधना का सर्वोच्च प्रतीक है। भगवान महावीर स्वामी के विचार आज भी पूरी मानवता को शांति, आत्मसंयम, करुणा और अहिंसा का मार्ग दिखाते हैं। वर्तमान समय में जब पूरा विश्व आपसी तनाव और वैमनस्यता के दौर से गुजर रहा है, तब जैन संतों का तपस्वी जीवन और उनकी शिक्षाएं संसार के कल्याण के लिए बेहद जरूरी हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस गौरवशाली आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर पहली बार आयोजित हो रहा यह आचार्य पदारोहण महोत्सव प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक अवसर बन गया है। मुख्यमंत्री ने 14 वर्षीय बाल मुनि शतावधानी हंसभद्रमुनि जी महाराज की अद्भुत और विलक्षण स्मरणशक्ति को नमन किया। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में एकाग्रता और ज्ञान-साधना के बल पर एक साथ एक हजार प्रश्नों को याद रखना और उनका क्रमवार उत्तर देना कोई साधारण बात नहीं है, यह एक असाधारण ईश्वरीय उपलब्धि है जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस महामहोत्सव में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कठिन तप, उपवास और लंबी पदयात्रा कर रायपुर पहुंचे सभी साधु-संतों और साध्वियों का आदरपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि जैन संतों का अनुशासित और त्यागी जीवन मानव समाज को नैतिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़ने का काम करता है। इस विराट आयोजन से पूरे रायपुर और छत्तीसगढ़ में एक नई आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान रायपुर का इंडोर स्टेडियम किसी पवित्र तीर्थस्थल की तरह नजर आ रहा था, जहां चारों तरफ मंत्रोच्चार और जयकारे गूंज रहे थे। इस भव्य समागम में सकल जैन श्रीसंघ के पदाधिकारियों के साथ-साथ सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विजय बघेल, कमलेश जांगड़े, महेश कश्यप, विधायक राजेश मूणत सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने सर्वधर्म समभाव और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।

रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित आचार्य पदारोहण एवं सहस्त्रावधान तपस्या महोत्सव में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, सीएम विष्णुदेव साय और डॉ. रमन सिंह शामिल हुए।

You might also like!